चालक को आई नींद बच्चों को लेने जा रही स्कूली वैन सड़क किनारे पलटी

स्कूली वाहन पलटने से मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला

नसेज गांव में बच्चों को लेने जा रही स्कूल वैन दुर्घटनाग्रस्त, चालक को आई थी नींद

कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों को लेने जा रही एक स्कूल वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना नसेज गांव के समीप हुई। गनीमत रही कि वाहन में उस समय केवल एक बच्चा मौजूद था, जो पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांतिकुंज पब्लिक स्कूल अमिरथा की स्कूल गाड़ी प्रतिदिन की तरह बच्चों को लेने नसेज गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक को नींद आने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि वाहन पलटते ही लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तथा अंदर मौजूद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग और अभिभावक भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने स्कूल प्रशासन से वाहन चालकों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।बताया जा रहा है कि जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त अधिकांश बच्चों को अभी वाहन में बैठाना बाकी था।

यदि गाड़ी बच्चों से भरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की फिटनेस एवं चालकों की सतर्कता की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!