तेज रफ्तार हाइवा डंपर का कहर सिरसी नहर के पास बाइक सवार को रौंदा

बेलगाम हाइवा डंपरों का कहर जारी, तेज रफ्तार ने किशोर को रौंदा

भारतमाला परियोजना में ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश

भभुआ/चैनपुर। कैमूर जिले में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रशासन अब भी मौन दर्शक बना हुआ है। भारतमाला परियोजना के तहत मिट्टी ढुलाई में लगे हाइवा डंपरों की तेज रफ्तार और ओवरलोड परिचालन ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। ग्रामीणों द्वारा कई बार विरोध और शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं दिख रहा है।इसी क्रम में मंगलवार 12 मई 2026 की सुबह लगभग 11 बजे चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरसी गांव नहर के समीप तेज रफ्तार हाइवा डंपर ने एक बाइक सवार युवक को रौंद दिया।

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर पहुंचाया गया।डॉक्टरों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। घायल युवक की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के मेढ़ पंचायत अंतर्गत निरंजनपुर गांव निवासी संजय राम के 17 वर्षीय पुत्र सुजीत राम के रूप में की गई है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि भारतमाला परियोजना में लगे हाइवा डंपर लगातार ओवरलोड होकर गांव की सड़कों से गुजरते हैं और चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मिट्टी ढुलाई करने वाले वाहनों की गति सीमित की जाए, ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई हो तथा ग्रामीण इलाकों में दिन के बजाय रात के समय मिट्टी ढुलाई कराई जाए ताकि आम लोगों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कड़े कदम नहीं उठाए तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!