
विस्कोमान में खाद के लिए उमड़ी किसानों की भीड़, भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़े रहे अन्नदाताचैनपुर (कैमूर)। कैमूर जिले के चैनपुर स्थित विस्कोमान केंद्र पर खाद लेने के लिए बुधवार को किसानों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। तेज धूप और भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में किसान घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
एक तरफ सरकार द्वारा हीटवेव को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है, वहीं दूसरी ओर जिले के अन्नदाता चिलचिलाती धूप में खाद के लिए परेशान नजर आए।स्थानीय किसानों ने बताया कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में खाद की आवश्यकता बढ़ गई है, जिसके कारण सुबह से ही विस्कोमान केंद्र पर किसानों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कई किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा। केंद्र पर केवल एक काउंटर होने के कारण प्रक्रिया धीमी रही और कतार लगातार लंबी होती गई।
किसानों का कहना है कि यदि विभाग द्वारा एक के बजाय दो या अधिक काउंटर की व्यवस्था कर दी जाए तो किसानों को राहत मिल सकती है। इससे दस्तावेज जमा करने और खाद वितरण की प्रक्रिया तेज होगी तथा किसानों को घंटों धूप में खड़े रहने की मजबूरी नहीं होगी।गौरतलब है कि चैनपुर प्रखंड मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित इस केंद्र पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान पहुंचते हैं, बावजूद इसके पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से किसानों में नाराजगी देखी जा रही है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर, पेयजल एवं छाया की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।स्थानीय लोगों का कहना है कि कृषि कार्य के मौसम में खाद वितरण केंद्रों पर बेहतर प्रबंधन आवश्यक है। यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में किसानों की परेशानी और बढ़ सकती है।
। ( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
