गुरु पुर्णिमा महामहोत्सव ज्ञान यज्ञ का होगा भव्य आयोजन

गुरु पूर्णिमा महामहोत्सव ज्ञान यज्ञ का होगा भव्य आयोजनवाराणसी में 33वें महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज, यूपी-बिहार से जुटेंगे श्रद्धालु

वाराणसी। आध्यात्मिक चेतना, गुरु भक्ति एवं सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार को समर्पित 33वां गुरु पूर्णिमा महामहोत्सव ज्ञान यज्ञ इस वर्ष बड़े ही भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन पूज्य स्वामी हय ग्रीवाचार्य जी महाराज के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न होगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों विशेषकर उत्तर प्रदेश और बिहार से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।आयोजन समिति की ओर से मिली जानकारी के अनुसार यह तीन दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव 26 जुलाई से 29 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन श्री राघव सेवा आश्रम, ऋषि नगर, डोमरी स्थित देहरादून पब्लिक स्कूल, पड़ाव वाराणसी परिसर में किया जाएगा।महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक प्रवचन, कथा वाचन एवं ज्ञान यज्ञ का आयोजन होगा। संत-महात्माओं द्वारा गुरु महिमा, धर्म, संस्कार और मानव कल्याण पर आधारित प्रवचनों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन और संत सम्मेलन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।29 जुलाई को प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक वस्त्र वितरण, श्री गुरु पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र वितरण कर सेवा एवं परोपकार का संदेश दिया जाएगा। वहीं श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद भंडारे की भी व्यापक व्यवस्था की जा रही है।यज्ञिक युवराज स्वामी श्री हृदय नारायणाचार्य जी महाराज ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। गुरु ही जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं और ज्ञान के माध्यम से अज्ञानता का नाश करते हैं।

उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में यूपी और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।उन्होंने सभी धर्मानुरागी सज्जनों से अपील करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा महामहोत्सव ज्ञान यज्ञ के अवसर पर आयोजित जगतगुरु कथा वाचन एवं संत सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर तन, मन और धन से सहयोग करें तथा पुण्य के भागी बनें।आयोजन को लेकर आश्रम परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवास, पेयजल, सुरक्षा एवं प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की जा रही है। आयोजकों ने बताया कि यह महोत्सव समाज में आध्यात्मिक जागृति एवं मानव सेवा की भावना को मजबूत करने का कार्य करेगा।

( अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!