
काली मंदिर के समीप संदिग्ध हालत में मिला अधेड़ का शव, पहचान मिटाने की कोशिशमोहनिया में सनसनी, चेहरे पर केमिकल डालकर हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंकाकैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलसीपुर डेरा स्थित काली माता मंदिर के समीप शुक्रवार सुबह एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देख स्थानीय लोग दहशत में आ गए। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले हत्या की और बाद में पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया।जानकारी के अनुसार सुबह ग्रामीणों ने मंदिर के पूरब दिशा में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। शव का चेहरा किसी ज्वलनशील लिक्विड अथवा केमिकल से बुरी तरह जला हुआ था, जिससे उसकी पहचान करना काफी मुश्किल हो रहा है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मान रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर शव मिला है वह अपेक्षाकृत सुनसान इलाका है।
ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि अपराधियों ने किसी अन्य जगह हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंक दिया। पुलिस आसपास के गांवों और बाजार क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है तथा लापता व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।थानाध्यक्ष ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि मोहनिया या आसपास के किसी क्षेत्र से कोई व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से लापता है, तो तत्काल मोहनिया थाना से संपर्क कर जानकारी दें, ताकि शव की पहचान कर मामले का खुलासा किया जा सके।
। ( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
