
मोहनिया जांच चौकी पर एंबुलेंस चालक से मारपीट का आरोप, उत्पाद कर्मियों पर उठे सवाल
सबहेडिंग:शराब जांच के दौरान विवाद बढ़ने का दावा, सूचना पर पुलिस व एसडीपीओ पहुंचे; सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटा प्रशासन
मोहनिया (कैमूर): कैमूर जिले के मोहनिया समेकित जांच चौकी पर शनिवार-रविवार की देर रात एक एंबुलेंस चालक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। घटना में उत्पाद विभाग के कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।बताया जाता है कि एंबुलेंस चालक वाराणसी से मरीज छोड़कर वापस लौट रहा था।
चालक के अनुसार, देर रात करीब एक बजे एनएच-19 स्थित मोहनिया जांच चौकी पर उसकी एंबुलेंस को रोककर जांच की गई। आरोप है कि शराब जांच के दौरान कहासुनी होने के बाद मौजूद कर्मियों द्वारा उसके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं।घटना की जानकारी मिलते ही मोहनिया पुलिस और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। मामले को लेकर कुछ देर तक जांच चौकी क्षेत्र में लोगों की भीड़ भी जुटी रही। स्थानीय लोगों ने पूरी घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।इस संबंध में दुर्गावती थाना अध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि एंबुलेंस चालक की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है।
मामले की सत्यता जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद क्षेत्र में उत्पाद विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आपातकालीन सेवा वाहन के चालक के साथ इस प्रकार का व्यवहार गंभीर विषय है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
