सरकारी जमीन पर कब्जा को लेकर माचलपुर में बवाल दो पक्षों के विवाद में आगजनी का आरोप

सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद, आगजनी का आरोप

सोनहन थाना क्षेत्र के माचलपुर गांव में तनाव, पुलिस व राजस्व अधिकारी ने पहुंचकर संभाला मोर्चा

कैमूर जिले के सोनहन थाना क्षेत्र अंतर्गत माचलपुर गांव में सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक एवं तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले में आगजनी की घटना होने की भी बात सामने आई है, जिससे गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, बिहार सरकार की जमीन पर कब्जे को लेकर गांव के दो पक्ष आमने-सामने हो गए।

दोनों पक्ष उक्त भूमि पर अपना दावा जता रहे थे, जिसके कारण विवाद बढ़ता चला गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद के दौरान हंगामा और मारपीट जैसी स्थिति भी बनी तथा आगजनी की घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया।मामले की सूचना प्राप्त होने के बाद सोनहन थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं अंचल कार्यालय की ओर से राजस्व अधिकारी राजीव कुमार भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया।प्रशासनिक अधिकारियों ने सरकारी जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।

राजस्व विभाग द्वारा भूमि की वास्तविक स्थिति, सीमांकन एवं स्वामित्व संबंधी अभिलेखों की पड़ताल की जा रही है, ताकि विवाद का निष्पक्ष समाधान किया जा सके।पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने एवं कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की है।घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है तथा पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!