
नगर पंचायत हाटा में सशक्त समिति का चुनाव संपन्न, तीन सदस्यों को मिला प्रमाण पत्र
चैनपुर/कैमूर। चैनपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत हाटा में सशक्त समिति का चुनाव शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्वाचित सदस्यों को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शुभम प्रकाश द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।सशक्त समिति चुनाव में तेतरा देवी, अरमान अली एवं मरियम खातुन निर्वाचित घोषित किए गए।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों एवं स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला।प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश ने निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि सशक्त समिति नगर पंचायत के विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी निर्वाचित सदस्य जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को गति देने का कार्य करेंगे।चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मतदान एवं परिणाम घोषणा की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई। निर्वाचित सदस्यों ने भी जनता एवं समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नगर पंचायत क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता से कार्य करने का भरोसा दिलाया।नगर पंचायत हाटा में सशक्त समिति के गठन के बाद स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर लोगों में नई उम्मीद जगी है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
