
पुलिस की घेराबंदी तोड़ तस्कर फरार, 90 लीटर शराब बरामददुर्गावती में गश्ती के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता,
दुर्गावती/कैमूर। कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात पुलिस की सक्रियता के बीच शराब तस्करी का मामला सामने आया, जहां पुलिस को देखते ही एक तस्कर बाइक समेत फरार हो गया। हालांकि पीछा करने के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब बरामद कर ली। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।जानकारी के अनुसार, दुर्गावती पुलिस शुक्रवार की देर शाम कर्मनाशा-भेरिया मोड़ के समीप वाहन जांच, शराब तस्करी रोकथाम एवं छापेमारी अभियान को लेकर संध्या गश्ती पर निकली हुई थी।
इसी दौरान उत्तर प्रदेश की दिशा से एक बाइक सवार बोरे में सामान लादकर आता दिखाई दिया।पुलिस टीम को देखते ही बाइक सवार अचानक घबरा गया और तेजी से भेरिया-सोहपुर मार्ग की ओर भागने लगा। उसकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस ने तत्काल पीछा शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख तस्कर ने बाइक पर लदा बोरा रास्ते में फेंक दिया और अंधेरे व ग्रामीण रास्तों का फायदा उठाकर बाइक समेत फरार होने में सफल रहा।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फेंके गए बोरे की तलाशी ली तो उसमें अलग-अलग ब्रांड की शराब की 10 पेटियां बरामद हुईं।
जांच एवं मात्रा मिलान के दौरान करीब 90 लीटर ब्लू लाइम देशी शराब होने की पुष्टि हुई।बरामद शराब को पुलिस ने जब्त कर थाना लाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। हालांकि फरार तस्कर की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और जांच में जुटी हुई है।इस संबंध में दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस ने शराब बरामद की है, लेकिन तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट )
