
रामगढ़/कैमूर। कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नरहन गांव के समीप मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल व्याप्त हो गया। मृतक की पहचान नरहन गांव निवासी संजय कुशवाहा के 12 वर्षीय पुत्र लक्ष्य कुमार के रूप में की गई है।मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्य कुमार अपनी साइकिल से गांव की ओर लौट रहा था।
इसी दौरान नरहन गांव के पास लिंक सड़क पर तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गोपाल कृष्ण भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।इधर, हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक भी घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।रामगढ़ थाना अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों के बढ़ते खतरे और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मासूम बच्चे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
