कैमुर न्याय मंडल का हरित संकल्प पौधारोपण कर पर्यावरण बचाने का लिया प्रण

विश्व पर्यावरण दिवस पर कैमुर न्यायालय परिसर हुआ हरित न्यायिक पदाधिकारियों ने किया वृक्षारोपण

भभुआ (कैमूर), 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कैमूर द्वारा व्यवहार न्यायालय परिसर, भभुआ में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कैमूर श्री अनुराग ने की। सुबह 6:50 बजे प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में कैमूर न्याय मंडल के न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान न्यायालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ वातावरण के महत्व पर विशेष बल दिया गया। न्यायिक पदाधिकारियों ने पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय कैमूर श्री विवेक कुमार, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम श्री बलजिंदर पाल, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय श्री अजीत कुमार मिश्रा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय श्री विनय प्रकाश तिवारी तथा जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पंचम श्री सुनील कुमार-द्वितीय सहित अनेक न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा लोक अदालत के अध्यक्ष श्री सुजीत कुमार सिंह, विशेष न्यायालय (उत्पाद एवं पॉक्सो) के न्यायाधीशगण, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी भभुआ एवं मोहनिया, किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान मजिस्ट्रेट तथा दोनों अनुमंडलों के सभी न्यायिक पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कैमूर के सचिव डॉ. शेल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। वृक्ष हमें ऑक्सीजन प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण को संतुलित बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने लोगों से केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने की भी अपील की।कार्यक्रम के अंत में सभी न्यायिक पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित जनों ने पौधों की सुरक्षा, सिंचन और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रवींद्र चौबे, महासचिव विकास कुमार शर्मा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ हरित भविष्य के निर्माण का सशक्त संदेश दिया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!