
24 घंटे के अंदर मंत्री मोहम्मद जमा खान की पहल से मृतक बच्चों के आश्रितों को सौपा गया चेक
चैनपुर (कैमूर)। चैनपुर प्रखंड के नौघरा गांव में हुए दर्दनाक ट्रैक्टर हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिजनों को प्रशासन द्वारा त्वरित राहत प्रदान की गई। बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री एवं चैनपुर विधायक मो. जमा खान की पहल पर घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर दोनों पीड़ित परिवारों को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक उपलब्ध कराया गया।ज्ञात हो कि 5 जून 2026 को नौघरा गांव में मिट्टी लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया था। हादसे के बाद ट्रैक्टर में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से गांव के दो मासूम बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी।घटना की सूचना मिलते ही अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की थी।
उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था तथा आश्वासन दिया था कि सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।मंत्री की पहल पर संबंधित अधिकारियों ने दोनों मृतकों के आश्रित परिवारों को पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। सहायता राशि मिलने के बाद परिजनों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर मंत्री मो. जमा खान ने कहा कि नौघरा की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है।
उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक सहायता के अलावा आपदा राहत मद के तहत दोनों पीड़ित परिवारों को शीघ्र ही 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत एवं मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो तथा पीड़ित परिवारों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
