दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप दुर्घटना ग्रस्त एक दर्जन से अधिक लोग घायल

धरती माता मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, एक दर्जन से अधिक घायलभगवानपुर के हनुमानघाटी में हुआ हादसा, महिलाओं-बच्चों समेत कई घायल; तीन गंभीर मरीज भभुआ सदर अस्पताल रेफर

चैनपुर (कैमूर), 06 जून। भगवानपुर थाना क्षेत्र के हनुमानघाटी में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र के सिरसी गांवों से श्रद्धालु लोहंदी स्थित धरती माता मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए गए थे।

दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु पिकअप वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भगवानपुर थाना क्षेत्र के हनुमानघाटी के समीप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के अनुसार, बाघा मोड़ के पास अधौरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अन्य पिकअप वाहन से बचने के प्रयास में चालक ने अचानक वाहन मोड़ा, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सड़क किनारे पलट गई।

वाहन पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई। अधौरा प्रखंड व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता असलम मियां ने तत्काल भगवानपुर थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी संजीव कुमार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।घायलों में सिरसी गांव की कपूरा देवी (65), कलावती देवी (60), शिवानी कुमारी (9), सोनी देवी (50), सोनाक्षी कुमारी (15), मुन्नी देवी (45), अंजली देवी (35) और काजल कुमारी (5) शामिल हैं। वहीं डरवाँ गांव की पुष्पा देवी (35) तथा उनकी डेढ़ वर्षीय पुत्री अंशी कुमारी भी घायल हुई हैं।

अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज किया गया।इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. अकील अहमद ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है। अधिकांश मरीजों की स्थिति सामान्य है, लेकिन तीन श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर किया गया है।पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने तथा सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। इस हादसे ने श्रद्धालुओं के धार्मिक सफर को दर्दनाक अनुभव में बदल दिया, हालांकि समय पर राहत कार्य होने से बड़ी जनहानि टल गई।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!