
दुर्गावती (कैमूर)। दुर्गावती थाना क्षेत्र के कबिलासपुर गांव में जमीन से मिट्टी निकासी और उसके भुगतान को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक महिला ने गांव के ही तीन युवकों पर घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट करने, दोनों हाथ तोड़ देने तथा गहने, नगदी और मोबाइल छीन लेने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार में आक्रोश व्याप्त है।प्राप्त जानकारी के अनुसार कबिलासपुर निवासी अंशु देवी अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहकर जीविकोपार्जन करती हैं। हाल ही में गांव लौटने पर उन्हें पता चला कि उनके खेत से मिट्टी निकालकर बेची गई है।
महिला का आरोप है कि गांव के ही राकेश यादव, विकास यादव और विशाल यादव ने उनके खेत की मिट्टी बेच दी थी। जब उन्होंने इस संबंध में जानकारी मांगी तो आरोपितों ने उन्हें 70 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया था।पीड़िता के अनुसार कई दिनों तक रुपये नहीं मिलने पर उन्होंने दोबारा भुगतान की मांग की। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि 4 जून की सुबह करीब सात बजे तीनों आरोपी उनके घर में घुस आए और लकड़ी के बैट से हमला कर दिया।अंशु देवी का कहना है कि हमलावरों ने उन्हें बुरी तरह पीटा, जिससे उनके दोनों हाथ टूट गए। इसके अलावा कंधे, जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उन्हें घर से घसीटकर सड़क पर ले जाया गया, जहां भी उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि हमले के दौरान आरोपितों ने उनके गहने, नगदी और मोबाइल फोन भी छीन लिए।
घटना के बाद घायल अवस्था में उन्होंने दुर्गावती थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।हालांकि पीड़िता का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और लगातार उन्हें धमकियां दे रहे हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।न्याय की मांग को लेकर अंशु देवी पुलिस अधीक्षक कार्यालय भी पहुंच चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर उन्हें अपेक्षित न्याय नहीं मिल रहा है। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह उच्च अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक अपनी शिकायत पहुंचाएंगी।उधर, घटना को लेकर ग्रामीणों में भी चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित महिला को न्याय मिल सके और कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट/
