
दुर्गावती स्टेशन मोड़ के पास आरटीओ दुकान के बाहर हुई वारदात, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
;दुर्गावती (कैमूर)। दुर्गावती थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जहां एक शातिर चोर साइकिल से पहुंचा और मौके का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गया। यह पूरी घटना दुर्गावती स्टेशन मोड़ के पास स्थित एक आरटीओ दुकान के बाहर हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में चोरी की पूरी वारदात कैद होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीडीखिली टोल प्लाजा की ओर से साइकिल पर सवार होकर एक युवक आरटीओ दुकान के पास पहुंचा। दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल पर उसकी नजर पड़ते ही वह वहां रुक गया। कुछ देर तक आसपास का जायजा लेने के बाद वह दुकान के अंदर प्रवेश कर गया। बताया जाता है कि उस समय दुकान के भीतर बिस्तर पर मोटरसाइकिल की चाबी रखी हुई थी।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी ने मौका पाकर चाबी उठा ली और बिना किसी हड़बड़ी के बाहर निकल आया। इसके बाद उसने आराम से मोटरसाइकिल स्टार्ट की और दुर्गावती बाजार की दिशा में फरार हो गया। पूरी घटना इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि आसपास मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।रोजाना की तरह सुबह जब दुकानदार की नींद खुली और उसने दुकान के बाहर नजर डाली तो मोटरसाइकिल गायब देखकर उसके होश उड़ गए। काफी खोजबीन के बाद जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई, तब चोरी की पूरी घटना सामने आई। फुटेज में आरोपी का चेहरा और उसकी गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।
घटना के बाद पीड़ित द्वारा तत्काल इसकी लिखित सूचना दुर्गावती थाना को दी गई। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का दावा कर रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों और वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है।कैप्शन:सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ मोटरसाइकिल चोरी का आरोपी, साइकिल से पहुंचकर वारदात को दिया अंजाम।
। ( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
