कैमुर में सनसनीखेज मामला दुष्कर्म का विडियो वायरल करने की धमकी

धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के लिए महिला से दुष्कर्म, वीडियो बनाकर दी धमकी; आरोपी दंपत्ति गिरफ्तार

नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात को दिया अंजाम, चार घंटे के भीतर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा

मोहनिया/रामगढ़ (कैमूर)। कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने तथा उसका वीडियो बनाकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रामगढ़ पुलिस ने आरोपी दंपत्ति को महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले की जानकारी मोहनिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गोपाल कृष्णा ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।एसडीपीओ ने बताया कि मंगलवार को एक महिला ने रामगढ़ थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि 4 जून की शाम लगभग छह बजे डरवन गांव निवासी एकराम अंसारी एवं उसकी पत्नी शाहिदा बेगम ने उसे अपने घर बुलाया।

वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाया गया, जिसके बाद अचेतावस्था का लाभ उठाकर एकराम अंसारी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाया।पीड़िता के अनुसार, घटना के दौरान आरोपी की पत्नी शाहिदा बेगम मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो बनाती रही। बाद में दोनों आरोपियों ने वीडियो दिखाकर उसे धमकाया और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। आरोप था कि यदि उसने उनकी बात नहीं मानी तो वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और शिकायत दर्ज होने के लगभग चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इस संबंध में रामगढ़ थाना कांड संख्या 150/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एकराम अंसारी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ महिलाओं से छेड़छाड़ से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!