
चांद बाजार में भीषण अग्निकांड, तीन मैजिक वाहन समेत चार दुकानें जलकर राखरात दो बजे लगी आग से लाखों की संपत्ति स्वाहा, ब्लॉक मुख्यालय के सामने हुई घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
चांद (कैमूर)। चांद थाना क्षेत्र के चांद बाजार में सोमवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड में तीन मैजिक वाहन एवं चार दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। घटना चांद ब्लॉक मुख्यालय के ठीक सामने हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने की इस घटना ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था एवं अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 2 बजे अचानक आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास खड़े तीन मैजिक वाहनों तथा चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में वाहन और दुकानें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं।अग्निकांड में जिन मैजिक वाहनों के जलने की सूचना है, उनमें गुड्डू कुमार गुप्ता एवं मुन्ना कुमार गुप्ता (पिता- हवलदार गुप्ता) के वाहन शामिल हैं। वहीं आग की चपेट में आकर जिन दुकानों को नुकसान पहुंचा, उनमें विवेक शर्मा, पुलिस यादव तथा अजय कुमार (पिता- श्रीराम चौहान) की दुकानें शामिल बताई जा रही हैं।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य कारणों की संभावना जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार के व्यस्त इलाके और ब्लॉक कार्यालय के सामने इस तरह की घटना चिंता का विषय है। लोगों ने प्रशासन से अग्निकांड की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों या कारणों का पता लगाने तथा पीड़ितों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।इस भीषण आगजनी में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा क्षति का आकलन किया जा रहा है तथा मामले की जांच जारी है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
