पोलियो उन्मूलन और आयुष्मान भारत योजना की सफलता के लिए विभागों में समन्वय पर बल

पोलियो अभियान एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण को लेकर प्रखंड स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित

चैनपुर (कैमूर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चैनपुर में मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की अध्यक्षता में प्रखंड समन्वय समिति एवं बीएलएफटी (Block Level Field Task Force) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी पोलियो कार्यक्रम के सफल संचालन तथा स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (बीएचएम), प्रखंड कल्याण पदाधिकारी (बीडब्ल्यूओ), महिला पर्यवेक्षिका (एलएस), बीसीएम, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) सहित जीविका एवं पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ पोलियो उन्मूलन अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए आवश्यक रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को तेज किया जाए।इस अवसर पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि प्रखंड कार्यालय परिसर में आगामी 16 एवं 17 जून को विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविर आयोजित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त प्रखंड क्षेत्र के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर भी विशेष कैंप लगाकर पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा।बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पोलियो अभियान और आयुष्मान भारत योजना दोनों ही जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं हैं। इनके सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों, स्वास्थ्य कर्मियों, जीविका दीदियों एवं सहयोगी संस्थाओं को समन्वित रूप से कार्य करने की आवश्यकता है।अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त करने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!