
कुदरा में भीषण अग्निकांड: स्पेयर पार्ट्स की दुकान जलकर राख, देर से पहुंची फायर ब्रिगेड पर फूटा लोगों का गुस्सा
सूचना के करीब एक घंटे बाद पहुंची अग्निशमन टीम, स्थानीय लोगों ने खुद संभाला मोर्चा; एसडीएम ने बेहतर व्यवस्था का दिया आश्वासन
कुदरा (कैमूर)। कुदरा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार की सुबह एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान जलकर राख हो गई। आग की लपटों ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना सुबह करीब 7 बजे की है। दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलती देख स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया तथा तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
हालांकि दुकान संचालक और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद अग्निशमन वाहन करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। उनका कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।दुकान मालिक ने बताया कि आग लगने के कुछ ही मिनटों में दुकान में रखा स्पेयर पार्ट्स का सामान, मशीनें तथा अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन अभी किया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि घटनास्थल पर पहुंचे अग्निशमन वाहन में ऑपरेटर उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण आग बुझाने के कार्य में अतिरिक्त परेशानी हुई।
ऐसे में आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों ने स्वयं आगे बढ़कर पानी तथा अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त क्षेत्र के आसपास बेहतर अग्निशमन व्यवस्था होना आवश्यक है, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।मौके पर पहुंचीं मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शी ने स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत की।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अग्निशमन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और प्रशासन द्वारा घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर जिले में आपदा प्रबंधन और अग्निशमन सेवाओं की तत्परता को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट )
