
आम खाओ प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को किया गया सम्मानित
चैनपुर (कैमूर)। चैनपुर प्रखंड के हाटा स्थित आर्यभट्ट ज्ञान विज्ञान स्कूल परिसर में रविवार को बच्चों के लिए एक मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शिवम कुमार ने किया। बच्चों में स्वस्थ खान-पान की आदतों को बढ़ावा देने तथा ग्रीष्मकालीन फलों के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से किलकारी बिहार बाल भवन, पटना के तत्वावधान में “आम खाओ प्रतियोगिता” आयोजित की गई।प्रतियोगिता में आसपास के विभिन्न गांवों से आए बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला तथा निर्धारित समय में अधिक से अधिक आम खाने की प्रतिस्पर्धा ने कार्यक्रम को रोचक बना दिया। प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद छोटेलाल पासवान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रतीक्षा कुमारी द्वितीय तथा खुशी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को विद्यालय के निदेशक राकेश शर्मा, शिक्षक अनिल केसरी, समाजसेवी भारत सोनी एवं नियाजउद्दीन अंसारी द्वारा मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।कार्यक्रम के संयोजक शिवम कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ आम जैसे पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक फल के महत्व से अवगत कराना था। उन्होंने कहा कि बच्चों ने पूरे अनुशासन, उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, सहभागिता की भावना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
अंत में विद्यालय के निदेशक होरिला सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश सिंह, शिक्षक सुनील कुमार, अभिभावकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों के सहयोग से संपन्न हुआ
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
