ट्यूशन से लौट रहे 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत झड़प के बाद अचानक हुआ अचेत

ट्यूशन से लौट रहे छात्र की संदिग्ध मौत से गांव में मातम, झड़प के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत

भभुआ/चैनपुर (कैमूर)। चैनपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना में ट्यूशन से घर लौट रहे 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक की पहचान सिकंदरपुर निवासी बब्बन गोंड के 13 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि प्रिंस गांव में ही संचालित एक ट्यूशन सेंटर में पढ़ने गया था।

परिजनों के अनुसार ट्यूशन के दौरान किसी बात को लेकर उसकी एक अन्य छात्र से कहासुनी हो गई थी। ट्यूशन समाप्त होने के बाद दोनों छात्र घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनके बीच दोबारा विवाद हो गया और दोनों आपस में उलझ पड़े।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झड़प के दौरान प्रिंस अचानक जमीन पर गिर गया और बेहोश हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने उसके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं, क्योंकि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की गंभीर चोट या बाहरी जख्म के निशान नहीं पाए गए हैं। ऐसे में उसकी मौत के वास्तविक कारणों को लेकर संशय बना हुआ है।

चिकित्सकीय जांच और पोस्टमार्टम से ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकता था, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ गांव ले गए।ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं परिजनों का कहना है कि प्रिंस पूरी तरह स्वस्थ था और उसकी अचानक मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।जानकारी के अनुसार समाचार लिखे जाने तक इस मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी और न ही किसी प्रकार की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण किशोर की मौत का कारण फिलहाल रहस्य बना हुआ है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!