
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव मिलने से हाटा में सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
चैनपुर (कैमूर)। चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटा नगर पंचायत में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान अनीता देवी, पति प्रदीप पाल, निवासी हाटा नगर पंचायत के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका के पति प्रदीप पाल भभुआ स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में कार्यरत हैं। नगर पंचायत हाटा के चेयरमैन रमेश जायसवाल ने बताया कि प्रदीप पाल सोमवार की रात करीब 10 बजे काम से अपने घर लौटे। घर पहुंचने पर उन्होंने पाया कि दरवाजा अंदर से बंद है।
काफी आवाज लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। किसी तरह अंदर झांककर देखने पर अनीता देवी का शव फंदे से लटका दिखाई दिया।घटना की सूचना तत्काल चैनपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नगर पंचायत चेयरमैन रमेश जायसवाल तथा वार्ड पार्षदों की मौजूदगी में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए बंद दरवाजे को खुलवाया। इसके बाद शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया गया।पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
नगर पंचायत चेयरमैन रमेश जायसवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुट गई है।चैनपुर थाना पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस हर बिंदु पर गहनता से पड़ताल कर रही है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
