इसियां पैक्स चुनाव में शिव भजन प्रसाद की 457 मतों से शानदार जीत

शीर्षक:इसियां पैक्स चुनाव में शिवभजन प्रसाद की शानदार जीत, 457 मतों से कन्हैया सिंह को हराया

चैनपुर (कैमूर)। चैनपुर प्रखंड अंतर्गत इसियां पंचायत में आयोजित पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। चुनावी मुकाबले में दो प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें पूर्व पैक्स अध्यक्ष शिवभजन प्रसाद एवं कन्हैया सिंह शामिल थे। मतगणना पूरी होने के बाद शिवभजन प्रसाद ने भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज कर एक बार फिर पैक्स अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुनाव में कन्हैया सिंह को कुल 131 मत प्राप्त हुए, जबकि शिवभजन प्रसाद को 588 मत मिले।

इस प्रकार शिवभजन प्रसाद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कन्हैया सिंह को 457 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया।परिणाम घोषित होते ही शिवभजन प्रसाद के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया तथा विजयी प्रत्याशी के पक्ष में नारेबाजी की। चुनाव परिणाम के बाद पंचायत क्षेत्र में दिनभर राजनीतिक चर्चाओं का माहौल बना रहा।विजय के उपरांत शिवभजन प्रसाद ने पंचायत के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा, पैक्स की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाना तथा सदस्यों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी।स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी संभालने के बाद पैक्स के माध्यम से किसानों को मिलने वाली सुविधाओं और योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराया जाएगा। चुनाव परिणाम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!