
टोकन व्यवस्था से किसानों को मिली राहत, विस्कोमान कृषक सेवा केंद्र चैनपुर में खाद वितरण जारी
चैनपुर (कैमूर)। खरीफ फसल की तैयारी के बीच विस्कोमान कृषक सेवा केंद्र चैनपुर में खाद प्राप्त करने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ रही है। किसानों की सुविधा एवं भीषण गर्मी को देखते हुए केंद्र प्रबंधन द्वारा टोकन व्यवस्था लागू की गई है, जिसके माध्यम से व्यवस्थित ढंग से खाद का वितरण किया जा रहा है।कृषि समन्वयक रजनीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को लगभग 150 किसानों के बीच टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वितरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाया गया है।
टोकन मिलने के बाद किसानों को निर्धारित समय पर खाद उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति नहीं बन रही है।वहीं विस्कोमान कृषक सेवा केंद्र के प्रबंधक बृजमोहन सिंह ने बताया कि इन दिनों भीषण गर्मी और खाद की बढ़ती मांग को देखते हुए टोकन व्यवस्था लागू की गई है। इससे किसानों को लंबे समय तक धूप में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं पड़ती और उन्हें समय पर खाद उपलब्ध हो जाती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है तथा किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।खाद लेने पहुंचे किसान सम्राट सिंह ने बताया कि टोकन व्यवस्था लागू होने से किसानों को काफी राहत मिली है। पहले घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता था, लेकिन अब टोकन मिलने के बाद निर्धारित समय पर पहुंचकर आसानी से खाद प्राप्त हो रही है।इसी प्रकार किसान शक्ति कुमार ने भी टोकन व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इससे किसानों का समय बच रहा है और उन्हें धूप में अधिक देर तक इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से खाद वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनी है।केंद्र पर बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन टोकन प्रणाली के कारण वितरण कार्य शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है। किसानों ने इस व्यवस्था को जारी रखने की मांग की है ताकि भविष्य में भी उन्हें इसी प्रकार की सुविधा मिलती रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
