मोहर्रम को लेकर चैनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक सुरक्षा के दिए आवश्यक निर्देश

मोहर्रम को लेकर चैनपुर थाना में शांति समिति की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन पर दिया गया जोर

चैनपुर (कैमूर)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को चैनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व चैनपुर थाना प्रभारी विजय प्रसाद एवं इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विभिन्न अखाड़ों के खलीफाओं तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी विजय प्रसाद ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और अनुशासन के साथ मनाया जाना चाहिए।

उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों एवं जुलूस आयोजकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने अखाड़ा समितियों को निर्देश दिया कि प्रमुख स्थानों पर ड्रोन कैमरे का उपयोग कर जुलूस की गतिविधियों पर नजर रखी जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

बैठक में प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि मोहर्रम जुलूस में किसी प्रकार के हथियार, पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र एवं डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी जुलूस निर्धारित मार्ग एवं समय-सारिणी के अनुसार ही निकाले जाएंगे। आयोजकों से अपील की गई कि वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर रखें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें।बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं विभिन्न अखाड़ों के खलीफाओं ने भी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई।बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी लोगों से आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!