कैमुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन अमृत सरोवर परिसर में हुआ सामुहिक योगाभ्यास

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अमृत सरोवर में हुआ भव्य योग कार्यक्रम, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प

कैमूर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, कैमूर द्वारा रविवार की सुबह दतियाँव गांव स्थित अमृत सरोवर परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बेतरी पंचायत में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 5 बजे हुई, जिसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।

प्राकृतिक वातावरण से घिरे अमृत सरोवर परिसर में आयोजित इस योग शिविर ने लोगों को स्वास्थ्य और अध्यात्म का अनूठा संदेश दिया।योग सत्र का संचालन आनन्द मार्ग के योग संन्यासी आचार्य कल्याणमित्रानन्द अवधूत एवं उनके शिष्यों द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। योगाचार्य ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

योग न केवल शरीर को रोगों से दूर रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में ऊर्जा, एकाग्रता एवं सकारात्मकता भी बढ़ाता है।कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त दिव्या शक्ति, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, सीनियर डिप्टी कलेक्टर अरविंद कुमार, सीनियर डिप्टी कलेक्टर उज्जवल कुमार, डीपीओ मनरेगा संजय कुमार, डीपीओ जल शक्ति मोहन कुमार सिंह, डीपीएम हेल्थ ऋषि कुमार तथा समाजसेवी शिवम कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक शांति प्राप्त होती है तथा आत्मिक संतुलन बना रहता है।

अधिकारियों ने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान “योग करें, निरोग रहें” तथा “स्वस्थ भारत, समर्थ भारत” जैसे संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। योगाभ्यास के उपरांत उपस्थित लोगों ने स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।जिला प्रशासन, कैमूर, मनरेगा विभाग एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन ने लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ योग के महत्व को भी प्रभावी ढंग से रेखांकित किया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!