कुदरा थाना अध्यक्ष पर पत्रकार ने लगाए गभीर आरोप बालू अनलोडिंग की तस्वीर लेने पर मोबाइल छीनने और धमकी देने का आरोप

कुदरा थानाध्यक्ष पर पत्रकार ने लगाए गंभीर आरोप, बालू अनलोडिंग की तस्वीर लेने पर मोबाइल छीनने और धमकी देने का आरोप

जब्त ट्रकों से बालू उतारने का वीडियो बनाने पर अभद्रता, साक्ष्य मिटाने और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी का आरोप; एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

भभुआ/कुदरा (कैमूर)।कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में एक पत्रकार द्वारा थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। दैनिक भास्कर के संवाददाता उपेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि कुदरा थानाध्यक्ष नंद कुमार ने जब्त ट्रकों से बालू उतारे जाने की तस्वीर और वीडियो बनाने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, मोबाइल छीन लिया तथा वीडियो और फोटो डिलीट कर दिए।पत्रकार उपेंद्र सिंह, पिता स्व. परशुराम सिंह, ग्राम गुरुड़ा, थाना कुदरा ने अपने आवेदन में बताया है कि 24 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने घर से कुदरा आ रहे थे।

इसी दौरान जीटी रोड किनारे स्थित कुदरा डाक बंगला परिसर, जहां जब्त वाहनों को रखा जाता है, में उन्होंने देखा कि जब्त ट्रकों से मजदूरों द्वारा ट्रैक्टर पर बालू अनलोड किया जा रहा है।आवेदन के अनुसार, उन्होंने मौके पर पहुंचकर इसकी तस्वीर और वीडियो रिकॉर्डिंग की तथा जानकारी लेने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों से उन्हें जानकारी मिली कि बालू की अनलोडिंग थाना स्तर से कराई जा रही है। इसी बीच फोटो और वीडियो लेने की सूचना चौकीदार द्वारा थानाध्यक्ष को दे दी गई।पत्रकार का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और उन्हें रोककर अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और उसमें मौजूद फोटो एवं वीडियो साक्ष्यों को डिलीट कर दिया ताकि बालू अनलोडिंग से जुड़े प्रमाण नष्ट किए जा सकें।उपेंद्र सिंह ने अपने आवेदन में यह भी कहा है कि थानाध्यक्ष ने उन्हें एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी और पकड़कर यार्ड में ले गए, जहां उनका वीडियो बनाया गया तथा मारपीट की धमकी भी दी गई। पत्रकार का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं से संबंधित समाचार प्रकाशित करने के कारण थानाध्यक्ष उनसे नाराज रहते हैं और प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई कर रहे हैं।आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब्त वाहनों से पूर्व में भी बालू सहित अन्य सामानों की चोरी की घटनाएं होती रही हैं।

पत्रकार ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में उन्हें खतरा महसूस हो रहा है।पीड़ित पत्रकार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कुदरा थानाध्यक्ष अथवा पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी। प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!