
मोहनियां/कैमूर। मद्यनिषेध विभाग, कैमूर की टीम ने मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को मोहनियां स्थित समेकित जांच चौकी पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की। कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग मामलों में दो डीसीएम ट्रकों को जब्त किया गया और दोनों वाहनों के चालकों को गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब की कुल मात्रा 7361.66 लीटर बताई गई है।
मद्यनिषेध विभाग के अनुसार, पहली कार्रवाई निरीक्षक मद्यनिषेध, समेकित जांच चौकी मोहनियां के नेतृत्व में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर जांच चौकी पर वाहनों की जांच के दौरान डीसीएम ट्रक संख्या PB05AN-8707 से 185 पेटी विदेशी शराब, कुल 1661.66 लीटर बरामद की गई। इस मामले में पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतनाम सिंह, पिता सवरन सिंह, निवासी झतरा रोड, जीरा, वार्ड नंबर-01, थाना जीरा, जिला फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से शराब की खेप से संबंधित जानकारी हासिल करने के लिए पूछताछ की जा रही है।
वहीं, इसी दिन मोहनियां समेकित जांच चौकी पर की गई दूसरी कार्रवाई में भी मद्यनिषेध विभाग की टीम ने एक डीसीएम ट्रक से 5700 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस मामले में डीसीएम ट्रक संख्या HP28A-9409 को जब्त किया गया तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।दूसरे मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरविन्दर सिंह, पिता तरलोचन सिंह, निवासी थुहार, जिला पटियाला, पंजाब के रूप में हुई है। विभाग के मुताबिक आरोपी से भी शराब की खेप के संबंध में पूछताछ की जा रही है।मद्यनिषेध विभाग की दोनों कार्रवाइयों में कुल 7361.66 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है। साथ ही दो डीसीएम ट्रकों को जब्त किया गया है। दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, समेत अन्य बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। विभाग द्वारा दोनों मामलों में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
