स्कूल की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, NH-319 पर यातायात प्रभावित

चैनपुर/कैमूर। उत्तर प्रदेश को बिहार से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण NH-319 सड़क को स्कूल की मांग को लेकर बसावनपुर गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को जाम कर दिया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों के सड़क पर उतरने से हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से स्कूल की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक विद्यालय निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों के अनुसार, बिहार सरकार के मंत्री एवं चैनपुर विधायक मोहम्मद जमा खान की ओर से पूर्व में स्कूल निर्माण को लेकर आश्वासन दिया गया था।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चुनाव के दौरान भी उन्हें छह महीने के भीतर स्कूल निर्माण शुरू होने का आश्वासन मिला था, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद जमीन पर काम शुरू नहीं हुआ।आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम के दौरान पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मंत्री जमा खान के खिलाफ भी विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्कूल नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

इसके अलावा सड़क, नाली और गली की समस्याओं से भी ग्रामीणों को रोजमर्रा के जीवन में परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्रामीण बच्चों ने भी अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि गांव में स्कूल नहीं होने के कारण उन्हें पढ़ाई के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ वे भी सड़क पर उतरे हैं।इधर, जाम की सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। चैनपुर सीईओ ने बताया कि ग्रामीणों से बातचीत हो चुकी है और उनका आवेदन भी प्राप्त कर लिया गया है। विभागीय स्तर पर जल्द कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से वार्ता के बाद जाम समाप्त कराने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है, ताकि राहगीरों को जल्द आवागमन की सुविधा मिल सके।फिलहाल, स्कूल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का विरोध और NH-319 पर जाम के कारण क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!