
दतियांव मोड़ के समीप सड़क हादसे में प्रधानाचार्य की मौत, एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल
अज्ञात ट्रक ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, भभुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
भभुआ (कैमूर)। जिले के भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत दतियांव मोड़ के समीप बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक विद्यालय प्रधानाचार्य की मौत हो गई, जबकि एक अन्य शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चैनपुर प्रखंड के बड़िहां विद्यालय के प्रधानाचार्य लाल बाबू गोंड तथा शिक्षक वीरेन्द्र कुमार एक बाइक पर सवार होकर भभुआ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दतियांव मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों शिक्षक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रधानाचार्य लाल बाबू गोंड को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिक्षक वीरेन्द्र कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका इलाज जारी है।सूचना मिलने पर भभुआ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की। साथ ही दुर्घटना में शामिल अज्ञात ट्रक की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।प्रधानाचार्य लाल बाबू गोंड के निधन की खबर मिलते ही विद्यालय परिवार, शिक्षकों तथा क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त हो गया। सहकर्मियों ने उन्हें एक कर्मठ, अनुशासित एवं विद्यार्थियों के प्रति समर्पित शिक्षक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
