चैनपुर में लगा सोलर सेवा कैंप, सूर्य घर योजना की दी जानकारी

चैनपुर में सोलर सेवा कैंप आयोजित, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की दी गई जानकारी

चैनपुर/कैमूर। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को चैनपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में सोलर सेवा कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के माध्यम से ग्रामीणों और बिजली उपभोक्ताओं को घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने, बिजली बिल में बचत करने तथा सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं और प्रोत्साहन के बारे में जानकारी दी गई।कैंप का आयोजन कनीय विद्युत अभियंता (जेई) शंभु कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान उपस्थित उपभोक्ताओं को बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र उपभोक्ता अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाकर बिजली की खपत में कमी ला सकते हैं। इससे लंबे समय में बिजली बिल में बचत के साथ सौर ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

कैंप में उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगवाने की प्रक्रिया, आवेदन, आवश्यक दस्तावेज, योजना से संबंधित सहायता तथा उपलब्ध वित्तीय प्रोत्साहन की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से योजना का लाभ उठाने और सौर ऊर्जा को अपनाने की अपील की।बताया गया कि सामान्य बिजली उपभोक्ताओं के साथ-साथ कुटीर ज्योति (बीपीएल) श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए भी योजना के तहत अतिरिक्त लाभ/सहायता का प्रावधान है। कैंप में पहुंचे लोगों ने सोलर पैनल लगाने की लागत, बिजली उत्पादन, सब्सिडी और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा जानकारी देकर समाधान किया गया।अधिकारियों ने कहा कि “सोलर लगवाएं, बिजली बिल बचाएं” के उद्देश्य के साथ अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कैंप के माध्यम से लोगों को सौर ऊर्जा के फायदे बताते हुए पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के प्रति भी जागरूक किया गया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!