
पतेरी गांव पहुंचे सासाराम सांसद मनोज कुमार, ग्रामीणों ने रखीं समस्याएंपतेरी गांव पहुंचे सासाराम सांसद मनोज कुमार, ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं
चांद/कैमूर। कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत पतेरी गांव में बुधवार, 23 सितंबर 2026 को करीब 3 बजे सासाराम लोकसभा सांसद मनोज कुमार पहुंचे। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल-माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद ग्रामीणों ने आवेदन के माध्यम से क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को सांसद के समक्ष रखा।इस दौरान लोहिया स्वच्छ बिहार योजना के तहत प्रखंड में कार्यरत पर्यवेक्षकों ने भी अपने वेतन से संबंधित समस्या सांसद के सामने रखी। पर्यवेक्षकों ने बताया कि वे नियमित रूप से कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें समय पर वेतन का भुगतान नहीं हो रहा है।
इस पर सांसद मनोज कुमार ने संबंधित डीसी से फोन पर बातचीत कर समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिलाया।वहीं, पतेरी गांव के ग्रामीणों ने कहा पुल से चांद होते हुए उत्तर प्रदेश बॉर्डर तक जाने वाली सड़क के मरम्मत कार्य में कथित तौर पर खराब गुणवत्ता की सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने तत्काल संबंधित ठेकेदार से फोन पर बात की और सड़क निर्माण कार्य की उचित जांच कराने की मांग की।सांसद ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल की जाएगी। सांसद के दौरे के दौरान स्थानीय ग्रामीणों में अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीद दिखाई दी।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
