सोशल मिडिया पर आपत्ति जनक पोस्ट करने वाला गिरफ्तार साइबर थाना की त्वरित कार्रवाई

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला गिरफ्तार, साइबर थाना की त्वरित कार्रवाई

मुख्यमंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ मामला

भभुआ (कैमूर), 1 जुलाई। कैमूर साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वायरल पोस्ट से सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 जून 2026 को सोशल मीडिया पर वायरल एक फेसबुक पोस्ट की जानकारी साइबर थाना को मिली। जांच में पाया गया कि “भभुआ विधानसभा-205” नामक फेसबुक पेज/आईडी से बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबंध में कथित रूप से अभद्र एवं अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए ऐसी टिप्पणी की गई थी, जिससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और जनभावनाएं आहत होने की आशंका उत्पन्न हो सकती थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना, कैमूर में कांड संख्या 18/26 दर्ज किया गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1), 351(2), 352 एवं 353(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।तकनीकी जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान अजीत पासवान उर्फ अमित पासवान, पिता स्वर्गीय फूलचंद पासवान, निवासी सरेवा, थाना भभुआ, जिला कैमूर के रूप में की।

इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।कैमूर पुलिस की अपीलकैमूर पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी धर्म, जाति, समुदाय अथवा व्यक्ति के विरुद्ध घृणा फैलाने, हिंसा भड़काने या सामाजिक वैमनस्य पैदा करने वाले पोस्ट करना अथवा उन्हें साझा करना दंडनीय अपराध है।पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा यदि सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 पर देने की अपील की है।पुलिस का कहना है कि जिले में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए कैमूर पुलिस लगातार सतर्क है और ऐसे मामलों में त्वरित कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!