
भभुआ में सड़क पर कचरा फेंकने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, नगर परिषद ने जारी की चेतावनी
वार्ड नंबर 7 में जलजमाव और गंदगी की शिकायत पर एसडीएम व ईओ ने किया निरीक्षण, सफाई अभियान चलाकर लोगों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
भभुआ नगर परिषद ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सड़क पर कचरा फेंकने वाले लोगों के खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई दुकानदार या आम नागरिक सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाते हुए पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध आर्थिक दंड के साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।भभुआ शहर के वार्ड संख्या-7 में जलजमाव एवं सड़क पर कूड़ा-कचरा जमा होने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पुराना ब्लॉक परिसर के समीप जलजमाव और कचरे का बड़ा ढेर मिला, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।निरीक्षण के बाद नगर परिषद की टीम ने तत्काल सफाई अभियान चलाकर जलनिकासी कराई तथा सड़क पर फैले कचरे को हटवाया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।एसडीएम अमित कुमार और कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने बताया कि नगर परिषद को कई दिनों से वार्ड संख्या-7 में जलजमाव और गंदगी की शिकायतें मिल रही थीं।
जांच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद तत्काल सफाई कराई गई। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर परिषद की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है।अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे घरों का कचरा सड़क पर न फेंकें। नगर परिषद के सफाई कर्मी जब घर-घर कचरा संग्रहण के लिए पहुंचें, तब उन्हें ही कचरा दें ताकि उसका वैज्ञानिक तरीके से शहर के बाहर डंपिंग किया जा सके।उन्होंने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक की थैलियों के उपयोग से भी बचने की अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक आसानी से नष्ट नहीं होती और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बनती है।
यदि अभी से इसके उपयोग पर नियंत्रण किया जाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।नगर परिषद ने दोहराया कि शहर को गंदा करने वालों के खिलाफ अब सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। सड़क, नाली या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकते पाए जाने वाले व्यक्तियों पर जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यकतानुसार अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही नागरिकों से स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ भभुआ बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की गई।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
