क्रिकेट मैच के दौरान युवक को गोली मारने वाले दो बदमाश दबोचे, पिस्टल-कट्टा बरामद

कैमूर पुलिस ने 24 घंटे में किया गोलीकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

क्रिकेट खेलने के दौरान युवक को मारी गई थी गोली, पिस्टल, कट्टा और तीन खोखा बरामद

भभुआ (कैमूर)। कैमूर पुलिस ने भभुआ थाना क्षेत्र के कुडासन गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए गोलीकांड का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक देसी कट्टा तथा तीन खोखा भी बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे सूचना मिली कि हासन गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई है। घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।

घटना के संबंध में 10 जुलाई 2026 को पुनीत तिवारी, पिता विनायक तिवारी, निवासी कुडासन, थाना भभुआ द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर भभुआ थाना कांड संख्या 698/26 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(2), 61(2), 109, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। आवेदन में पुरानी जमीन संबंधी रंजिश को गोलीबारी का कारण बताया गया है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कैमूर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भभुआ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, आसूचना संकलन एवं त्वरित कार्रवाई के आधार पर 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुल्लु तिवारी उर्फ गोलू, पिता रजनीकांत तिवारी तथा राहुल तिवारी उर्फ मिथलेश तिवारी, पिता जमुना तिवारी, दोनों निवासी उफरवलिया, थाना भभुआ, जिला कैमूर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक देसी कट्टा तथा तीन खोखा बरामद किए हैं। बरामद हथियारों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला आसूचना इकाई के पुलिस निरीक्षक अवधेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राकेश कुमार, रवि कुमार, भभुआ थाना के सशस्त्र बल तथा डीआईयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।कैमूर पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!