चैनपुर में सड़क पर जलभराव से आवागमन प्रभावित, बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूली बच्चे सबसे ज्यादा परेशान

चैनपुर कस्बा मुहल्ले में जलजमाव से जनजीवन बेहाल, मस्जिद का रास्ता बाधित, आंगनबाड़ी पहुंचने में बच्चों को हो रही परेशानीग्रामीणों का आरोप—जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को कई बार दी गई सूचना, फिर भी नहीं हुआ समाधान

भभुआ (कैमूर)। चैनपुर प्रखंड मुख्यालय से महज लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित चैनपुर कस्बा मुहल्ले में जलजमाव और गंदगी की समस्या से स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो गया है। लगातार जलभराव के कारण आवागमन कठिन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस रास्ते से होकर लोग मस्जिद में नमाज अदा करने जाते हैं, वही मार्ग पानी से लबालब भरा हुआ है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास भी जलजमाव और कूड़ा-कचरे का ढेर लगा हुआ है। इसके कारण छोटे बच्चों और अभिभावकों को केंद्र तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गंदगी और बदबू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या की जानकारी कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि प्रखंड मुख्यालय के इतना निकट होने के बावजूद यदि ऐसी स्थिति बनी हुई है, तो इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। सड़क पर जमा पानी के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और प्रखंड प्रशासन से मांग की है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा सड़क पर जमा पानी और कूड़ा-कचरा हटाकर लोगों को राहत दिलाई जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।फिलहाल स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि आमजन, नमाजियों और आंगनबाड़ी आने वाले बच्चों को राहत मिल सके।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!