
टीबी मुक्त भारत अभियान को कैमूर में मिली नई गति, जिलाधिकारी ने 100 मरीजों को वितरित किए पोषण किटटीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने की दिशा में कैमूर जिले में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला समाहरणालय स्थित मां मुंडेश्वरी सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने टीबी (यक्ष्मा) से पीड़ित 100 मरीजों के बीच पोषाहार किट का वितरण किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सहित जिले के कई वरीय प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम का आयोजन टीबी मरीजों के बेहतर पोषण और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ को ध्यान में रखते हुए किया गया। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के कई पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने निक्षय मित्र बनकर मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। इस सराहनीय योगदान के लिए जिलाधिकारी ने निक्षय मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पोषण किट वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, जनभागीदारी और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक सामूहिक प्रयास है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कैमूर जिला टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा और प्रधानमंत्री के “टीबी मुक्त भारत” के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों की कार्यनिष्ठा और अभियान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समय पर उपचार, संतुलित पोषण और समाज के सहयोग से टीबी जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।कार्यक्रम में सिविल सर्जन कैमूर, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO), प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी भभुआ, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (DIO), जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला लेखा प्रबंधक, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मी, निक्षय मित्र तथा बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निक्षय मित्र योजना के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी बढ़ रही है, जिससे टीबी मरीजों को नियमित पोषण सहायता और उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग मिल रहा है। इससे मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ टीबी उन्मूलन अभियान को भी नई मजबूती मिल रही है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
