अंबेडकर भवन के पास खेल रहीं बहनों को मारी टक्कर, तीनों गंभीर; पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर शुरू की जांच

अनियंत्रित स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन मासूम घायल, चालक वाहन छोड़कर फरारअंबेडकर भवन के समीप खेल रहे बच्चों को मारी टक्कर, तीनों की हालत गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी

भभुआ/चैनपुर (कैमूर), 20 जुलाई। कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बिड्डी गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने तीन मासूम बच्चियों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजन व ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8 बजे बिड्डी गांव स्थित अंबेडकर भवन के समीप तीनों बच्चियां मौजूद थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद वाहन सड़क किनारे गड्ढेनुमा स्थान (चाट) में जा घुसा। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से तीनों घायल बच्चियों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) चैनपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि तीनों बच्चियों की हालत गंभीर बनी हुई है।घायलों की पहचान बिड्डी गांव निवासी सुभाष राम की पुत्रियों राधा कुमारी (5 वर्ष), काजल कुमारी (4 वर्ष) एवं सुनैना कुमारी (2 वर्ष) के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में लेकर चालक की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है।इस हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने गांव की आबादी वाले क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने, नियमित वाहन जांच कराने तथा दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!