सीबीएसई क्लस्टर-III वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन, छह वर्गों में चैंपियनों का सम्मान

सीबीएसई क्लस्टर-III वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन, छह वर्गों में चैंपियनों का सम्मान

पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार-झारखंड के 100 विद्यालयों के 1400 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

चांद (कैमूर), 22 जुलाई। मानव भारती हेरिटेज स्कूल, चांद के तत्वावधान में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-III वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 का बुधवार को भव्य समापन समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया। पांच दिनों तक चले इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में बिहार एवं झारखंड के करीब 100 सीबीएसई विद्यालयों के 1400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और शानदार तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. डी. पी. सिंह एवं डॉ. गौतम त्रिपाठी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे स्वस्थ, संस्कारित और सक्षम भारत का निर्माण संभव है।कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिला खेल पदाधिकारी ओमप्रकाश ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सीबीएसई की इतनी बड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन कैमूर जिले के लिए गौरव की बात है। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला और जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई।पूरे टूर्नामेंट का संचालन सीबीएसई ऑब्जर्वर प्रियेश रंजन कुमार तथा टेक्निकल डेलिगेट अजय कुमार शर्मा की देखरेख में सीबीएसई के निर्धारित नियमों एवं अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल मानकों के अनुरूप संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के विजेताअंडर-14 बालक वर्ग में आरएनएस डीपीएस, आरा ने स्वर्ण, राधा कृष्ण इंटरनेशनल स्कूल ने रजत तथा महाबोधि, गया एवं फाउंडेशन स्कूल, देवघर ने कांस्य पदक जीता।

अंडर-14 बालिका वर्ग में सैमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल स्वर्ण पदक विजेता बना, जबकि होली क्रॉस स्कूल, बोकारो ने रजत तथा ग्रिजली विद्यालय एवं एटॉमिक एनर्जी ने कांस्य पदक हासिल किया।अंडर-17 बालक वर्ग में सेंट स्टीफेंस स्कूल, हजारीबाग ने स्वर्ण, होली क्रॉस, घाटोटांड़ ने रजत तथा उड़ान इंटरनेशनल स्कूल और क्रेसेंट पब्लिक स्कूल ने कांस्य पदक अपने नाम किए।अंडर-17 बालिका वर्ग में एटॉमिक एनर्जी ने स्वर्ण, होली क्रॉस स्कूल, बोकारो ने रजत तथा द ट्रिब्युवन स्कूल, पटना एवं जेएलएन मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने कांस्य पदक प्राप्त किया।अंडर-19 बालक वर्ग में वीवीएम, रांची ने स्वर्ण, डीएवी कैंट, गया ने रजत तथा होली क्रॉस, हजारीबाग और एमजीएम, बोकारो ने कांस्य पदक जीते।अंडर-19 बालिका वर्ग में श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल ने स्वर्ण, होली क्रॉस स्कूल, बोकारो ने रजत तथा जयरायलाल पब्लिक स्कूल एवं जीजीएस पब्लिक स्कूल, बोकारो ने कांस्य पदक हासिल किया।समारोह में ज्ञान शंकर तिवारी, आनंद सिंह, राकेश गिरी, विजय तिवारी सहित अनेक शिक्षाविद्, खेल प्रेमी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और अभिभावक उपस्थित रहे।विद्यालय के प्राचार्य एवं आयोजन सचिव विकाश कुमार पांडेय ने सभी मुख्य अतिथियों, सीबीएसई, जिला प्रशासन, तकनीकी अधिकारियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों, स्वयंसेवकों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण और अनुशासन के कारण यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता गरिमापूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने के साथ-साथ कैमूर में खेल संस्कृति को नई दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कैमूर की धरती पर आयोजित यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, अनुशासित संचालन और आत्मीय आतिथ्य के लिए लंबे समय तक याद रखी जाएगी। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि क्षेत्र में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने वाला भी सिद्ध हुआ।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!