रोपनी करने जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 25 घायल

रोपनी करने जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 25 घायल; कई की हालत गंभीर, 20 रेफर

हाटा (कैमूर), कैमूर जिले के नगर पंचायत हाटा क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रोपनी (धान की रोपाई) के लिए जिगना जा रहे मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन रास्ते में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 25 लोग घायल हो गए। घायलों में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ के हाथ और पैर में फ्रैक्चर होने की भी सूचना है।हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों की मदद से चांद सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया।

गंभीर रूप से घायल करीब 20 लोगों को बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत हाटा के चेयरमैन रमेश जायसवाल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने प्रशासन से भी घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और सभी धान की रोपाई के लिए जिगना गांव जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए स्वास्थ्यकर्मी लगातार जुटे रहे। हादसे के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!