
रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप से 1262.285 लीटर विदेशी शराब बरामदचालक वाहन छोड़कर फरार, शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
भभुआ/रामगढ़, कैमूर जिले में शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 1262.285 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर फरार चालक और वाहन स्वामी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद रामगढ़ थाना पुलिस ने मोहनपुर मोड़ पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पिकअप वाहन संख्या BR44G3894 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में अलग-अलग ब्रांड की बड़ी मात्रा में शराब लदी मिली। पुलिस ने तत्काल वाहन और शराब को जब्त कर थाना ले आई, जबकि चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।बरामद शराब में सबसे अधिक ब्ल्यू लाइम देशी शराब मसाला शामिल है। पुलिस ने इसके 103 कार्टन बरामद किए हैं। प्रत्येक कार्टन में 45-45 पाउच थे।
कुल 4635 पाउच, प्रत्येक 200 एमएल का पाया गया, जिसकी कुल मात्रा 927 लीटर है।इसके अलावा 8 PM स्पेशल ब्रांड की 19 कार्टन शराब बरामद की गई। प्रत्येक कार्टन में 48 बोतलें थीं। कुल 912 बोतलें, प्रत्येक 180 एमएल की थीं, जिसकी कुल मात्रा 164.16 लीटर है।वाहन से किंगफिशर बियर के 12 कार्टन भी बरामद किए गए। इनमें कुल 286 कैन/बोतलें, प्रत्येक 500 एमएल की थीं, जिसकी कुल मात्रा 143 लीटर है।इसके साथ ही रॉयल स्टैग ब्रांड की 3 कार्टन शराब भी बरामद हुई। कुल 75 बोतलें, प्रत्येक 375 एमएल की थीं, जिसकी कुल मात्रा 28.125 लीटर है।इन सभी ब्रांडों की शराब को मिलाकर पुलिस ने कुल 1262.285 लीटर अवैध शराब बरामद की है।
जब्त शराब और पिकअप वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर थाना परिसर में सुरक्षित रखा है।रामगढ़ थाना पुलिस ने फरार चालक एवं वाहन स्वामी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी, किस स्थान पर इसकी आपूर्ति की जानी थी तथा इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कैमूर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शराब तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या तस्करी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट )
