आज़ाद समाज पार्टी ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, युवाओं के अधिकारों की उठाई आवाज़

कैमूर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, युवाओं के हितों की रक्षा और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग

भभुआ (कैमूर), 25 जुलाई। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को युवाओं के हितों की रक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, भर्ती प्रक्रिया में सुधार तथा हालिया छात्र आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कैमूर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने कहा कि देशभर के छात्र और युवा शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता, पेपर लीक की लगातार सामने आ रही घटनाओं तथा रोजगार के सीमित अवसरों को लेकर गंभीर चिंता में हैं।

ऐसे में सरकार को युवाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए।ज्ञापन में कहा गया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों और युवाओं की आवाज़ को गंभीरता से सुना जाना चाहिए तथा उनकी न्यायोचित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिया जाना आवश्यक है। पार्टी का कहना है कि हालिया छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने ज्ञापन के माध्यम से कई प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखीं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने, आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले प्रत्येक छात्र के परिजनों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता देने, संसद में पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर विस्तृत चर्चा कराने, आंदोलन में शामिल छात्रों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने तथा शिक्षा माफिया और पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ कठोर एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।

इसके अलावा ज्ञापन में छात्राओं के साथ कथित रूप से हुई अशोभनीय एवं अमर्यादित घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम कार्यालय की ओर से मामले को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!