सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियों का हुआ प्रदर्शन, कैमूर में लाभुकों के चेहरों पर दिखी खुशी

सेवा संकल्प एवं समर्पण के 100 दिन” कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, डीएम ने लाभुकों को सौंपा बंदोबस्त पर्चाभूमिहीन परिवारों को मिला भूमि अधिकार का दस्तावेज, सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों से कराया गया अवगत

भभुआ (कैमूर), 25 जुलाई। बिहार सरकार के “सेवा संकल्प एवं समर्पण के 100 दिन” पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को कैमूर जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भभुआ स्थित लिच्छवि भवन में राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में लाभुकों ने भाग लेकर सरकार के 100 दिनों के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी ने की।

लाइव प्रसारण के दौरान उपस्थित लोगों को राज्य सरकार द्वारा बीते 100 दिनों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधारों तथा भविष्य की विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सरकार की जनहितकारी पहलों और आम लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए किए गए प्रयासों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।लाइव प्रसारण समाप्त होने के बाद जिला पदाधिकारी ने जिले के चयनित भूमिहीन एवं पात्र लाभुकों के बीच बंदोबस्त पर्चा (भूमि अधिकार पत्र) का वितरण किया। पर्चा प्राप्त कर लाभुकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

लाभुकों ने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि “सेवा संकल्प एवं समर्पण” अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्त पर्चा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे उन्हें भूमि का कानूनी अधिकार प्राप्त होने के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें।कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने भी लाभुकों से संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा उन्हें योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, राजस्व शाखा के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी सहित बड़ी संख्या में बंदोबस्त पर्चा प्राप्त करने वाले लाभुक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन लाभुकों को शुभकामनाएं एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!