
विवाहिता की हत्या की आशंका, पिता ने पति समेत तीन ससुराल वालों पर लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोपथाने में आवेदन देकर निष्पक्ष जांच, बेटी की तलाश और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
कैमूर। कैमूर जिले के बेलांव थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता के पिता ने अपनी पुत्री की हत्या की आशंका जताते हुए पति, सास और देवर के खिलाफ थाना में लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा बेटी के लापता होने का आरोप लगाया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिछिया गांव, पोस्ट खजुरा, थाना बेलांव निवासी रमाकांत तिवारी ने थाना अध्यक्ष को दिए आवेदन में बताया है कि उन्होंने अपनी पुत्री सीता कुमारी का विवाह 27 अप्रैल 2026 को विकास कुमार उपाध्याय, पिता कन्हैया उपाध्याय, निवासी ग्राम तेंदुआ, थाना करमचट के साथ किया था।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से ही उनकी पुत्री को ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।आवेदन के अनुसार, पति विकास कुमार उपाध्याय कथित रूप से फोन पर गाली-गलौज करता था, जबकि सास आशा देवी एवं देवर आदर्श उर्फ आशीष द्वारा भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। साथ ही यह भी आरोप है कि विवाहिता को कई-कई दिनों तक भूखा रखा जाता था तथा करंट लगाने सहित अन्य तरीकों से शारीरिक यातनाएं दी जाती थीं।पीड़ित पिता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री पर दहेज में स्कॉर्पियो वाहन लाने का लगातार दबाव बनाया जाता था।
मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। उन्होंने आशंका जताई है कि पति, सास और देवर ने मिलकर उनकी पुत्री की हत्या कर दी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि अब तक उनकी बेटी तथा उसके शव का कोई पता नहीं चल सका है।रमाकांत तिवारी ने थाना अध्यक्ष से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर उनकी पुत्री की तलाश कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।पुलिस का पक्ष :समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान या जांच की प्रगति संबंधी जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी थी। मामले की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
