
चैनपुर (कैमूर)। कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में ट्रकों एवं भारी वाहनों से कथित तौर पर अवैध वसूली करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर की गई, जिसमें एक व्यक्ति सड़क पर खड़ा होकर आने-जाने वाले भारी वाहनों से पैसे वसूलता हुआ दिखाई दे रहा था।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, बुधवार 29 जुलाई 2026 को चैनपुर थाना पुलिस दिवा गश्ती पर थी।
इसी दौरान पुलिस को एक वायरल वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें एक युवक बीच सड़क पर खड़े होकर ट्रकों एवं अन्य भारी वाहनों से अवैध वसूली करता दिखाई दिया। वीडियो की जांच करने पर घटना स्थल की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के करजी गांव के रूप में हुई।वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान करजी गांव निवासी कमलेश तिवारी, पिता कृपा शंकर तिवारी, के रूप में की गई। पहचान होते ही चैनपुर थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में चैनपुर थाना कांड संख्या 385/26, दिनांक 29 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह के साथ मिलकर अवैध वसूली तो नहीं कर रहा था।कैमूर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तथा सड़क पर अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि इस प्रकार की किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
