
बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज की जीत पर कैमूर में जश्न, विजय जुलूस निकाल कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाइयां
भभुआ और मोहनिया में अबीर-गुलाल उड़ाकर मनाया जीत का उत्सव, कार्यकर्ताओं ने इसे बिहार की राजनीति में बदलाव का संकेत बतायाभभुआ (कैमूर)। पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के उम्मीदवार की जीत के बाद कैमूर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार उत्साह के साथ विजय उत्सव मनाया। भभुआ और मोहनिया अनुमंडल मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकालकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया, मिठाइयां बांटीं और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान पार्टी के समर्थन में नारे गूंजते रहे और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।भभुआ में आयोजित विजय समारोह का नेतृत्व जन सुराज के भभुआ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी जयनेन्द्र आर्या ने किया। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर शहर की प्रमुख सड़कों से होते हुए एकता चौक पहुंचे। यहां सभा आयोजित कर नेताओं ने बांकीपुर की जनता का आभार व्यक्त किया और जीत को बिहार की राजनीति में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत बताया।सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के नेतृत्व में पार्टी को मिली यह जीत जनता के विश्वास का प्रतीक है।
उनका कहना था कि मतदाताओं ने विकास, पारदर्शिता, जवाबदेही और नई राजनीतिक सोच के पक्ष में अपना जनादेश दिया है। नेताओं ने दावा किया कि इस जीत से पूरे बिहार में जन सुराज संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी चुनावों में पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा।कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने “जन सुराज जिंदाबाद” और “प्रशांत किशोर जिंदाबाद” के नारों के साथ जीत का उत्सव मनाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह परिणाम बेहतर शासन, जनभागीदारी और विकास आधारित राजनीति की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश है। अंत में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की। कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
