गड्ढों और जलजमाव से परेशान कुदरा बाजार, लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी

कुदरा बाजार की बदहाल सड़क बनी मुसीबत, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने उठाई मरम्मत की मांग

बारिश में कीचड़ और जलजमाव से बढ़ी परेशानी, कारोबार प्रभावित; जनप्रतिनिधियों व नगर प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप

भभुआ/कुदरा (कैमूर)। कैमूर जिले के कुदरा नगर पंचायत स्थित मुख्य बाजार की जर्जर सड़क स्थानीय लोगों, व्यापारियों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने से बाजार क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है। व्यापारियों का आरोप है कि कई बार शिकायत और मांग के बावजूद नगर प्रशासन तथा संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि कुदरा बाजार आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों की खरीदारी का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचते हैं।

लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है, जिससे बाजार की रौनक भी प्रभावित हुई है। दुकानदारों के अनुसार खराब सड़क का सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है और ग्राहकों की संख्या पहले की तुलना में कम हो गई है।बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। हल्की बारिश में ही सड़क पर जलजमाव और कीचड़ फैल जाता है, जबकि नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने से पूरे बाजार क्षेत्र में गंदगी का माहौल बन जाता है।

सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह सड़क एक ओर स्थित मस्जिद और दूसरी ओर स्थित हनुमान मंदिर को जोड़ती है। प्रतिदिन नमाज अदा करने वाले लोग, मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालु, बाजार के ग्राहक तथा स्कूली बच्चे इसी मार्ग से गुजरते हैं। बावजूद इसके सड़क की स्थिति लगातार बदतर बनी हुई है।लोगों का आरोप है कि हर बार मरम्मत का केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन धरातल पर कोई कार्य नहीं दिखता।

नगर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत, जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और पूरे बाजार क्षेत्र को गड्ढामुक्त बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!