
थाना प्रबंधन में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: चाँद थानाध्यक्ष भागीरथ कुमार निलंबित
आत्महत्या मामले में थाना मैनेज करने के नाम पर पैसे मांगने के आरोप की जांच में भूमिका संदिग्ध मिलने पर एसपी का एक्शन
भभुआ (कैमूर), 3 अगस्त। कैमूर पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने चाँद थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष पु०अ०नि० भागीरथ कुमार के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक युवती के आत्महत्या मामले में थाना मैनेज करने के नाम पर पीड़ित पक्ष से पैसे मांगने के आरोप से जुड़े मामले की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को चाँद थाना क्षेत्र के ग्राम चौरी में 20 वर्षीय युवती के आत्महत्या करने का मामला सामने आया था। आरोप है कि इस प्रकरण में केस एवं थाना मैनेज करने के नाम पर चाँद बाजार का एक दुकानदार पीड़ित पक्ष से रुपये की मांग कर रहा था।
इस शिकायत के आधार पर चाँद थाना कांड संख्या-314/26 दिनांक 17 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले में नामजद आरोपी धन्नजय सिंह उर्फ भंटु को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्कालीन थानाध्यक्ष भागीरथ कुमार की भूमिका की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), भभुआ से कराई।
जांच रिपोर्ट में थानाध्यक्ष की भूमिका संदिग्ध पाई गई। रिपोर्ट में उनके कर्तव्य के प्रति लापरवाही, मनमानेपन तथा संदिग्ध आचरण का उल्लेख किया गया है।जांच के निष्कर्षों के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने पु०अ०नि० भागीरथ कुमार, तत्कालीन थानाध्यक्ष चाँद, को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
