विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होगा: मंत्री जमा खान का सख्त संदेश

अधौरा में मंत्री जमा खान का औचक निरीक्षण, प्रधानाध्यापक की अनुपस्थिति पर जताई कड़ी नाराज़गी

भभुआ/अधौरा। बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सह चैनपुर विधायक मो. जमा खान ने सोमवार को कैमूर जिले के अधौरा प्रखंड में सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पीएम श्री सम्पोषित +2 विद्यालय, अधौरा के प्रधानाध्यापक के अनुपस्थित मिलने पर मंत्री ने कड़ी नाराज़गी जताई और मौके से ही जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को फोन कर पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मंत्री के अचानक निरीक्षण से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।मंत्री ने अपने दौरे के दौरान पीएम श्री सम्पोषित +2 विद्यालय, अधौरा एवं प्राथमिक विद्यालय, झड़पा का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की कार्यशैली तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक की अनुपस्थिति पाए जाने पर उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।मंत्री मो. जमा खान ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे में सरकारी विद्यालयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले शिक्षक एवं कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय की स्थिति की विस्तृत जांच कर शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

साथ ही सभी शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने, शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था कायम करने को कहा।मंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और सरकारी संस्थानों में जवाबदेही सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से उनका क्षेत्रीय भ्रमण लगातार जारी रहेगा, ताकि विकास योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!