
नुआंव हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, चार नामजद अभियुक्त गिरफ्तार
दो दिनों से लापता युवक रविन्द्र कुमार की हत्या के मामले में एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम की त्वरित कार्रवाई, विभिन्न धाराओं में दर्ज है मामला
भभुआ (कैमूर)। कैमूर जिले के नुआंव थाना क्षेत्र के अखिनी गांव में दो दिनों से लापता युवक रविन्द्र कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटना की जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7 बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि नुआंव थाना क्षेत्र के अखिनी गांव के समीप एक व्यक्ति का शव फेंका गया है। सूचना मिलते ही नुआंव थानाध्यक्ष को मौके पर भेजकर सत्यापन कराया गया।
जांच में मृतक की पहचान अखिनी गांव निवासी रविन्द्र कुमार (पिता-स्व. लक्ष्मण राम) के रूप में हुई।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रविन्द्र कुमार 3 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे अपनी पत्नी से दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। बाद में उनका शव बरामद होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।मृतक की पत्नी के फर्दबयान के आधार पर नुआंव थाना कांड संख्या 69/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 62(2), 3(5) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (मोहनिया) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त चारों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में अखिनी गांव निवासी नौसाद खां उर्फ सोनू खां (पिता-स्व. इस्तियार खां), मारकण्डेय मल्लाह (पिता-स्व. रामाशंकर मल्लाह), अमित कुमार (पिता-विन्धाचल राम) तथा चम्पा देवी उर्फ पिंकी देवी (पति-शम्भु शर्मा) शामिल हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है।
घटना के पीछे के कारणों, हत्या की साजिश तथा अन्य संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
